जैन मृतक संस्कार विधि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जैन मृतक संस्कार विधि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 24 नवंबर 2026

जैन मृतक संस्कार विधि


 जैन पंरपरा में मृत्यु को अटल मानकर शोक करने के बजाय मृतक की सद्गति की कामना करते हुए णमोकार मंत्र का उच्चार किया जाता है।मृतक के शव का प्रक्षालन कर नये वस्त्र पहनाए जाते हैं। यथासंभव शव पर फूल नहीं चढ़ाने का विधान है। अंत्येष्टि स्थल पर जीव जंतु न हों,यह सुनिश्चित करने के पश्चात चिता तैयार करने में उपयोग होने वाला ईंधन भी जीवादि रहित होना चाहिए।अंत्येष्टि या अग्निसंस्कार के पश्चात सामान्यतः तीसरे दिन अस्थिसंचय किया जाता है। दो दिन में चिता ठंडी हो जाती है,ऐसा इस कारण है। लेकिन विशेष परिस्थिति में दूध और जल छिड़ककर चिता को ठंडा किया जाता है। अस्थियों को चुनकर व राख को एकत्र कर जलाशय या नदी में विसर्जित करने के बजाय भूमि में गाड़ना चाहिए ताकि जलस्रोत दूषित न हों लेकिन जैनेतर लोगों के सानिध्य में रहने और स्थानीय लोकाचार के अनुसार जैन लोग भी अस्थियों और चिता की राख को जलाशय या नदी में विसर्जित करने लगे हैं। अंत्येष्टि के पश्चात उचित वार और दिन देखकर सामान्यतः तीसरे दिन उठावनी या शोकसभा आयोजित की जाती है। जिसमें वक्तागण देह की अनित्यता और आत्मा के अजर अमर होने के तथ्य का प्रमुखता से उल्लेख करते हुए मृतक के सद्गुणों का उल्लेख करते हुए उसे श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं तत्पश्चात देवदर्शन करते हैं।क्षेत्र विशेष में प्रचलित परंपरा के अनुसार अंत्येष्टि के ग्यारह,बारह या तेरह दिन पश्चात निधन शांति विधि संपन्न होती है जिसे क्रमशः ग्यारहवां, बारहवां या तेरहवां कहते हैं।जिसमें दरिद्रों, ब्राह्मणों और निकट संबंधियों को मीठा भोजन कराया जाता है। ब्राह्मणों को पाथेय श्राद्ध के लिए इसलिए पात्र समझा जाता है और वरीयता दी जाती है कि वे लोकहितैषी, नैतिक और निर्धन होते हैं लेकिन क्या वास्तव में ऐसा है,आप स्वयं विचार करें। अधिक उपयुक्त तो यह है कि मृतक के भान्जे,भांजियों को यथास्थिति और मान्यवरों को भोजन कराकर यथायोग्य उपहार देकर संतुष्ट करें।निधन शांति विधि इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसी के साथ ही मृतक के परिवार में सूतक समाप्ति मानी जाती है।सनातन हिन्दू परंपरा में माना जाता है कि मृतक की सूक्ष्म देह तेरह दिनों तक मृतक के गृह में निवास करती है और दशगात्र श्राद्ध और सपिंडीकरण द्वारा उनका पितरों से मिलन होता है। लेकिन जैन मतावलंबी ऐसा नहीं मानते। उनके अनुसार मृत्यु के पश्चात आत्मा अपने कृत कर्मों के अनुसार जन्मधारण कर लेती है।इन दिनों विशेष परिस्थितियों में मृतक के परिजनों की सुविधानुसार इन संस्कारों में व्यतिक्रम भी देखने को मिलता है। जिसमें तीन दिनों में निधन शांति विधि संपन्न की जाती है और इसके साथ ही सूतक समाप्ति मान ली जाती है। जैन लोग मृत्यु का महोत्सव मनाते हैं और अधिक शोक नहीं करते।यह उनकी मृत्यु को जीवन की स्वाभाविक परिणति मानने की भावना को मिली तार्किक स्वीकृति है।यह सामान्य गृहस्थ जनों के मृत्यु संस्कार की विधि है। कुछ लोगों की इस विषय में कतिपय शंकाओं और जिज्ञासा के शमन के लिए मैंने इस विषय पर प्रकाश डालना जरूरी और उचित समझा।