सोमवार, 27 नवंबर 2023

गृहणी


 घर को घर गृहणी ही बनाती है और घर को संवारने,घर के सदस्यों को संस्कारित करने का गुरुतर कार्य भी गृहणी ही करती है। इसलिए हर गृहणी को इस महत्वपूर्ण पारिवारिक दायित्व को संभालने में सक्षम होना चाहिए। रोटी बनाना, कपड़े धोना,घर की साफ-सफाई करना तो सामान्य और दैनंदिन के कार्य हैं लेकिन कुछ महिलाएं इसमें भी फिसड्डी साबित होती हैं। और कुछ ऐसी भी हैं जो वे सजने-संवरने, किटी पार्टी में चहकने और सोशल मीडिया पर सेलीब्रिटी बनने की धुन में मोबाइल और इंटरनेट की दुनिया को ही अपने जीवन का एक बड़ा लक्ष्य मानती हैं। लेकिन,घर को स्वर्ग बनाने वाली गृहणी अपने पारिवारिक और सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर हमेशा सचेत रहती है। बच्चों पर स्वाभाविक रूप से अपनी मां का प्रभाव अधिक रहता है और चूंकि वे अपनी मां को आदर्श मानते हैं। इसलिए अवचेतन रूप से उसका अनुकरण करते हैं। किशोरावस्था की दहलीज पर खड़े या यह दहलीज लांघ रहे बच्चों का इंटरेक्शन-सर्किल अपेक्षाकृत बड़ा होता है। इसलिए नये लोगों के संपर्क में आने पर केवल विचारों का ही अंतर्विनमय नहीं होता, व्यवहार का भी अंतर्विनमय होता है। जिससे बच्चों के व्यवहार में अनगढ़ बदलाव आने लगते हैं। अपने बच्चों में इन अलक्षित बदलावों पर पैनी नजर रखने की क्षमता और योग्यता हर सफल गृहणी में होना चाहिए। इसके लिए उसका सुशिक्षित और परिपक्व होना आवश्यक है और इस शिक्षा का दायरा केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं बल्कि अपने बुजुर्ग पीढ़ी से घर-समाज में अनौपचारिक रूप से मिलने वाली महत्वपूर्ण शिक्षा भी इसमें शामिल हैं।बल्कि कई मामलों में तो यह अनौपचारिक शिक्षा औपचारिक शालेय शिक्षा से कहीं महत्वपूर्ण सिद्ध होती हैं। इसके लिए अपने से वरिष्ठजनों का सानिध्य आवश्यक है। यदि उनसे कन्नी काटेंगे या दूरी बनाकर रखेंगे तो इस ज्ञानकोष से वंचित रह जाएंगे।वधू का चुनाव करते समय उसके रूप रंग और औपचारिक शिक्षा के अलावा उसके गुण, संस्कार और परिवार में उसके व्यवहार पर जरूर गौर करना चाहिए। बल्कि ये द्वितीयक बातें ज्यादा महत्वपूर्ण है इसलिए उन्हें प्रमुखता देना चाहिए। सजातीय समाज में विवाह सम्बन्ध करने पर वधू के बारे में अपने संपर्कों के जरिए उसके व्यवहार के बारे में प्रामाणिक जानकारी जुटाई जा सकती है।जो विजातीय समाज में सम्बन्ध करने पर संभव नहीं है। इसलिए सजातीय समाज में विवाह सम्बन्ध करना ही श्रेयस्कर है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें